Advertisement

सोनपुर जनगणना प्री-टेस्ट प्रशिक्षण : DM वैभव श्रीवास्तव

सोनपुर में जनसंख्या गणना प्री-टेस्ट प्रशिक्षण, DM बोले- जितना बेहतर प्रशिक्षण, उतना आसान होगा कार्य

#छपरा, 03 जुलाई | आगामी जनसंख्या गणना के सफल और त्रुटिरहित संचालन को लेकर सोनपुर नगर परिषद् सभागार में प्रगणकों और पर्यवेक्षकों का प्रशिक्षण कार्यक्रम जारी है. गुरुवार को प्रशिक्षण के दूसरे दिन फील्ड में पूछे जाने वाले प्रश्नों, गणना प्रक्रिया, प्रपत्रों के सही संधारण, डिजिटल माध्यम से आंकड़ों के संकलन तथा फील्ड में अपनाई जाने वाली सावधानियों पर विस्तार से जानकारी दी गई.

सोनपुर नगर परिषद में जनसंख्या गणना प्री-टेस्ट के लिए प्रगणकों और पर्यवेक्षकों का प्रशिक्षण कार्यक्रम

 प्रतिभागियों को नागरिकों से प्रभावी संवाद स्थापित करने और पूर्व परीक्षण के दौरान आने वाली संभावित व्यावहारिक समस्याओं के समाधान के बारे में भी प्रशिक्षित किया गया.

DM ने कहा- पूर्व परीक्षण बेहद महत्वपूर्ण

जिलाधिकारी सह प्रधान जनगणना अधिकारी वैभव श्रीवास्तव ने कहा कि जनसंख्या गणना देश की सबसे महत्वपूर्ण सांख्यिकीय गतिविधियों में से एक है. इसके आधार पर सरकार विकास योजनाओं, संसाधनों के वितरण और जनकल्याणकारी नीतियों का निर्माण करती है. उन्होंने कहा कि जितना अच्छा प्रशिक्षण होगा, कार्य के दौरान उतनी ही सुविधा होगी. सभी प्रगणकों और पर्यवेक्षकों को अपने दायित्वों का निर्वहन पूरी निष्ठा, निष्पक्षता और जिम्मेदारी के साथ करने का निर्देश दिया गया.

उन्होंने बताया कि पूर्व परीक्षण का उद्देश्य वास्तविक जनसंख्या गणना से पहले पूरी व्यवस्था की जांच करना, संभावित कमियों की पहचान करना और उन्हें दूर करना है, ताकि मुख्य जनगणना निर्धारित मानकों के अनुरूप सफलतापूर्वक संपन्न हो सके.

प्रशिक्षण के बाद हो रही क्षमता जांच

जिलाधिकारी के निर्देश पर जिला नोडल अधिकारी सह डीएसओ अंजनी कुमार लाल अपनी टीम के साथ प्रशिक्षण की निगरानी कर रहे हैं. प्रत्येक प्रशिक्षण सत्र के बाद प्रतिभागियों की क्षमता जांच (टेस्ट) भी कराई जा रही है, ताकि प्रशिक्षण की गुणवत्ता सुनिश्चित की जा सके.

यह भी पढ़े : अब व्हाट्स ऎप से बनाएं आयुष्मान कार्ड मिलेगी हर योजना की जानकारी

इस दौरान जनगणना निदेशालय से आए संयुक्त निदेशक मंजू गुप्ता, सहायक निदेशक शिवेन्द्र कुमार, प्री-टेस्ट नोडल संजीव कुमार तथा कार्यपालक पदाधिकारी शशि कुमार ने प्रशिक्षण का अवलोकन किया. जिला नोडल आयुषी कुमारी, जुली कुमारी सहित प्रशिक्षकों और जिला कोषांग की टीम ने भी कार्यक्रम के संचालन में सहयोग किया.

स्व-गणना में अब मोबाइल खुद लेगा लोकेशन

अपर जिला जनगणना अधिकारी सह डीएसओ तारणी कुमार ने बताया कि प्री-टेस्ट मुख्य जनगणना का ट्रायल है. एक से पांच जुलाई तक सोनपुर नगर परिषद के चयनित 10 वार्डों में आम नागरिकों को स्व-गणना (Self Enumeration) का अवसर दिया जा रहा है.

उन्होंने बताया कि स्व-गणना प्रणाली को अपडेट किया गया है. अब लोगों को अलग से गूगल लोकेशन खोजने की आवश्यकता नहीं होगी, क्योंकि मोबाइल स्वयं लोकेशन कैप्चर करेगा. वहीं प्रगणकों को मोबाइल नंबर के माध्यम से संबंधित परिवार की जानकारी प्राप्त करने में भी सुविधा मिलेगी.

#Chapra #Sonpur #Census2026 #PopulationCensus #CensusPreTest #Training


एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ