Advertisement

अब WhatsApp से बनाएं आयुष्मान कार्ड, पाएं योजना की हर सुविधा और देखें इलाज का रिकॉर्ड

अब WhatsApp पर मिलेगी आयुष्मान योजना की हर सुविधा, घर बैठे बनाएं कार्ड और देखें इलाज का पूरा रिकॉर्ड
WhatsApp पर आयुष्मान सारथी चैटबॉट से आयुष्मान कार्ड और योजना की सभी सेवाएं

#छपरा, 03 जुलाई | आयुष्मान भारत प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना (PM-JAY) के लाभार्थियों के लिए अब सरकारी कार्यालयों के चक्कर लगाने की जरूरत नहीं होगी. केंद्र सरकार ने योजना से जुड़ी लगभग सभी प्रमुख सेवाओं को सीधे WhatsApp पर उपलब्ध करा दिया है. केंद्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय के तहत राष्ट्रीय स्वास्थ्य प्राधिकरण (NHA) ने 'आयुष्मान सारथी' नाम से आधिकारिक WhatsApp चैटबॉट शुरू किया है, जिसके माध्यम से लाभार्थी 24 घंटे और सप्ताह के सातों दिन अपने मोबाइल से ही योजना की विभिन्न सेवाओं का लाभ उठा सकेंगे.

घर बैठे मिलेंगी कई महत्वपूर्ण सुविधाएं

'आयुष्मान सारथी' को PM-JAY सिस्टम से सुरक्षित API आधारित तकनीक के जरिए जोड़ा गया है. इसके माध्यम से लाभार्थी रियल-टाइम में योजना से जुड़ी सेवाओं का लाभ उठा सकेंगे. अब आयुष्मान कार्ड बनवाने, डाउनलोड करने, पात्रता जांचने, e-KYC कराने या आधार लिंक कराने के लिए अलग-अलग कार्यालयों में जाने की आवश्यकता नहीं होगी.

चैटबॉट के जरिए लाभार्थी अपनी पात्रता की जांच, नया आयुष्मान कार्ड बनाने के लिए आवेदन, कार्ड डाउनलोड, e-KYC दोबारा कराना, आधार लिंक करना, कार्ड लॉक या अनलॉक करना, 70 वर्ष या उससे अधिक आयु के लोगों के लिए आयुष्मान वयो वंदना कार्ड की जानकारी प्राप्त करना, इलाज का रिकॉर्ड देखना, योजना के तहत उपलब्ध वॉलेट बैलेंस की जानकारी लेना और नजदीकी सूचीबद्ध अस्पताल की जानकारी हासिल कर सकेंगे.

यह भी पढ़े : छपरा सदर अस्पताल‌ में कल्बफुट का आधुनिक‌ उपचार शुरू

शिकायत दर्ज करने से लेकर फीडबैक देने तक की सुविधा

यह चैटबॉट केवल जानकारी देने तक सीमित नहीं है. इसके माध्यम से लाभार्थी ऑनलाइन शिकायत दर्ज कर सकते हैं, शिकायत की स्थिति जान सकते हैं, आवश्यकता होने पर शिकायत वापस भी ले सकते हैं. इसके अलावा कॉल बैक का अनुरोध करने और अस्पताल से डिस्चार्ज होने के बाद अपनी प्रतिक्रिया (फीडबैक) दर्ज करने की सुविधा भी उपलब्ध कराई गई है. इससे शिकायतों के समाधान की प्रक्रिया अधिक तेज और पारदर्शी होने की उम्मीद है.

ग्रामीण परिवारों को मिलेगा बड़ा लाभ

सारण सहित देश के ग्रामीण क्षेत्रों में बड़ी संख्या में ऐसे परिवार हैं जो जानकारी या तकनीकी दिक्कतों के कारण आयुष्मान भारत योजना का पूरा लाभ नहीं उठा पाते हैं. अब WhatsApp के जरिए सभी प्रमुख सेवाएं उपलब्ध होने से लाभार्थियों को घर बैठे ही आवश्यक सुविधाएं मिल सकेंगी. इससे समय और खर्च दोनों की बचत होगी तथा योजना का लाभ अधिक लोगों तक पहुंच सकेगा.

डिजिटल गवर्नेंस को मिलेगा बढ़ावा

सिविल सर्जन डॉ. राजकुमार चौधरी ने बताया कि 'आयुष्मान सारथी' स्वास्थ्य सेवाओं को अधिक सुलभ, पारदर्शी और नागरिक-केंद्रित बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल है. लाभार्थियों के फीडबैक, शिकायतों और सेवा उपयोग से जुड़े आंकड़ों के आधार पर स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता में भी लगातार सुधार किया जा सकेगा.

यह भी पढ़े : छपरा उत्पाद न्यालय में QR कोड से डिजिटल जुर्माना भुगतान सुविधा शुरू

ऐसे करें 'आयुष्मान सारथी' का उपयोग

लाभार्थी अपने मोबाइल में +91 72908 23838 नंबर सेव कर WhatsApp पर "Hi" लिखकर संदेश भेज सकते हैं. इसके बाद चैटबॉट स्वतः सक्रिय हो जाएगा और उपलब्ध सेवाओं की सूची सामने आ जाएगी. उपयोगकर्ता अपनी आवश्यकता के अनुसार विकल्प चुनकर संबंधित सेवा का लाभ ले सकते हैं. यह सुविधा 24×7 उपलब्ध रहेगी और सुरक्षित API आधारित प्रणाली पर कार्य करेगी.

#AyushmanBharat #PMJAY #AyushmanSarathi #WhatsApp #AyushmanCard #BiharNews #Health

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ