Advertisement

जनगणना 2027: छपरा नगर निगम, नगरा और सदर में डेटा कलेक्शन की जांच

जनगणना 2027: सहायक निदेशक ने छपरा नगर निगम, नगरा और सदर प्रखंड का किया निरीक्षण

जनगणना 2027 के तहत सारण में डीसीएचबी डेटा कलेक्शन कार्य को लेकर चर्चा करते सहायक निदेशक अंगद सिंह और अधिकारी

छपरा | भारत की जनगणना 2027 के तहत सारण जिले में चल रहे जिला जनगणना हस्तपुस्तिका (DCHB) कार्य की प्रगति और डेटा की गुणवत्ता का जायजा लेने के लिए जनगणना कार्य निदेशालय, बिहार के सहायक निदेशक अंगद सिंह ने शुक्रवार को जिले का दौरा किया। इस दौरान उन्होंने छपरा नगर निगम के साथ-साथ नगरा और छपरा सदर प्रखंड चार्ज का निरीक्षण किया।

निरीक्षण के दौरान सहायक निदेशक ने ग्रामीण एवं शहरी निर्देशिका के लिए किए जा रहे डेटा कलेक्शन कार्य की स्थिति की समीक्षा की। उन्होंने राजस्व ग्रामवार संकलित डेटा के फाइनल सबमिशन, अद्यतन कार्य प्रगति और आंकड़ों की गुणवत्ता की जांच की।

अंगद सिंह ने कहा कि जिला जनगणना हस्तपुस्तिका में संकलित आंकड़े योजना निर्माण, विकास कार्यों और अन्य प्रशासनिक गतिविधियों के लिए महत्वपूर्ण आधार होते हैं। इसलिए आंकड़ों की सटीकता और शुद्धता पर विशेष ध्यान देना आवश्यक है।

उन्होंने सभी चार्ज अधिकारियों को निर्देश दिया कि क्षेत्र अधिकारियों द्वारा सबमिट किए गए प्रत्येक डेटा की क्रॉस चेकिंग कर उसकी प्रमाणिकता सुनिश्चित करने के बाद ही आगे की प्रक्रिया पूरी की जाए। जब तक चार्ज अधिकारी डेटा से संतुष्ट नहीं हो जाते और उसकी प्रामाणिकता की पुष्टि नहीं हो जाती, तब तक पोर्टल पर उसे अंतिम रूप से अप्रूव नहीं किया जाए। उन्होंने स्पष्ट किया कि फाइनल अप्रूवल के लिए निदेशालय की ओर से अलग से आदेश दिया जाएगा।

वर्किंग मैप पर स्थानीय सुविधाओं की होगी स्थलीय मार्किंग

जनगणना 2027 के तहत सारण में डीसीएचबी डेटा कलेक्शन कार्य का निरीक्षण करते सहायक निदेशक अंगद सिंह और अधिकारी

सहायक निदेशक ने सभी चार्ज अधिकारियों को राजस्व ग्रामों के लिए निदेशालय से प्राप्त वर्किंग मैप पर क्षेत्र अधिकारियों के माध्यम से स्थानीय जनसुविधाओं की इंडेक्स नंबरिंग के आधार पर स्थलीय मार्किंग शुरू कराने का निर्देश दिया।

उन्होंने क्षेत्र में हुए महत्वपूर्ण बदलावों का प्रतिवेदन तैयार कर जिला नोडल पदाधिकारी को उपलब्ध कराने को भी कहा। साथ ही वर्किंग मैप को फील्ड फंक्शनरीज के बीच वितरित कर उस पर समयबद्ध तरीके से कार्य शुरू कराने पर जोर दिया।

इस दौरान जिला जनगणना पदाधिकारी सह जिला नोडल पदाधिकारी अदिति आनंद और सहयोगी पदाधिकारी आयुषी सिंह ने भी सभी चार्ज अधिकारियों को अपने-अपने क्षेत्र के फील्ड फंक्शनरीज द्वारा आवंटित ग्रामों के डेटा का फाइनल सबमिशन अपनी निगरानी में जांच के बाद पूरा कराने का निर्देश दिया।

यह भी पढ़ें: छपरा में 1972 से गणिनाथ-गोविन्द पूजा की परंपरा, भव्य मंदिर

उन्होंने कहा कि फाइनल सबमिशन के बाद क्रॉस चेकिंग का कार्य शुरू किया जाएगा और प्रयास रहेगा कि कार्य में शून्य त्रुटि हो। सभी के सहयोग से सारण के जिला जनगणना हस्तपुस्तिका को आदर्श और उदाहरण के रूप में स्थापित करने का लक्ष्य रखा गया है।

निरीक्षण के दौरान उप नगर आयुक्त अरशद इमाम, नगरा बीडीओ अनुभव कुमार, छपरा सदर बीडीओ राहुल कुमार, बीएओ राजनारायण कुमार सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे। 

यह भी पढ़ें: पांच साल बाद जेल से बाहर आएगी बबली खातून, बेटे की हत्या के आरोप से बरी

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ