Advertisement

छपरा नगर निगम में कर्मचारियों की हड़ताल समाप्त, मेयर ने मिठाई खिलाकर जताई खुशी

30 जुलाई से जारी हड़ताल खत्म, छपरा नगर निगम में कर्मचारी लौटे काम पर, मेयर ने खिलाई मिठाई

छपरा नगर निगम में हड़ताल समाप्त होने पर मेयर लक्ष्मी नारायण गुप्ता कर्मचारियों को मिठाई खिलाते हुए

छपरा, 07 अगस्त | बिहार सरकार और कर्मचारी संगठनों के बीच बनी सहमति के बाद शुक्रवार को छपरा नगर निगम में भी बिहार लोकल बॉडीज एम्प्लॉयी फेडरेशन एवं बिहार राज्य स्थानीय निकाय कर्मचारी महासंघ संयुक्त मोर्चा ने अपनी हड़ताल समाप्त कर दी। हड़ताल समाप्त होने पर छपरा के मेयर लक्ष्मी नारायण गुप्ता ने खुशी जताई और संयुक्त मोर्चा के प्रतिनिधियों के साथ एक-दूसरे को मिठाई खिलाकर निर्णय का स्वागत किया।

इस अवसर पर मेयर लक्ष्मी नारायण गुप्ता ने कहा कि कर्मचारियों ने संवाद और आपसी समझ के माध्यम से जनहित को सर्वोपरि रखते हुए हड़ताल समाप्त करने का निर्णय लिया है, जो स्वागतयोग्य है। उन्होंने संयुक्त मोर्चा के सभी पदाधिकारियों एवं कर्मचारियों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि नगर निगम प्रशासन स्वच्छता कर्मियों के सम्मान, उनके हितों की रक्षा तथा बेहतर कार्य परिस्थितियाँ और सुविधाएँ उपलब्ध कराने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है।

छपरा नगर निगम में हड़ताल समाप्त होने पर मेयर लक्ष्मी नारायण गुप्ता कर्मचारियों को मिठाई खिलाते हुए

उन्होंने कहा कि नगर निगम का प्रयास रहेगा कि संवाद, सहयोग और समन्वय के माध्यम से कर्मचारियों की समस्याओं का समाधान किया जाए तथा शहर की स्वच्छता व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ बनाया जाए। उन्होंने विश्वास जताया कि नगर निगम प्रशासन और कर्मचारियों के आपसी सहयोग से छपरा को स्वच्छ, सुंदर और व्यवस्थित बनाने का अभियान निरंतर आगे बढ़ेगा।

30 जुलाई से चल रही थी हड़ताल

छपरा नगर निगम में हड़ताल समाप्ति को लेकर मेयर लक्ष्मी नारायण गुप्ता से मिले कर्मचारी प्रतिनिधि

उल्लेखनीय है कि राज्य के नगर निकायों में दैनिक पारिश्रमिक एवं संविदा पर कार्यरत सफाई कर्मियों की हड़ताल 30 जुलाई से जारी थी। गुरुवार को नगर विकास एवं आवास मंत्री नीतीश मिश्रा तथा विभाग के वरीय अधिकारियों के साथ बिहार राज्य सफाई कर्मचारी संघ के प्रतिनिधियों की महत्वपूर्ण बैठक हुई, जिसमें कर्मचारियों की अधिकांश मांगों पर सहमति बनी।

इन मांगों पर बनी सहमति

नगर विकास एवं आवास मंत्री नीतीश मिश्रा की सफाई कर्मचारी संगठनों के प्रतिनिधियों के साथ बैठक

बैठक में सरकार ने दैनिक पारिश्रमिक पर कार्यरत सफाई कर्मियों को संविदा कर्मियों की तर्ज पर एकमुश्त मासिक मानदेय देने, महंगाई के अनुरूप मानदेय में वृद्धि, प्रत्येक 10 वर्ष की सेवा पर मानदेय बढ़ाने, अर्जित अवकाश, प्रतिवर्ष 16 दिनों का आकस्मिक अवकाश, महिला कर्मियों को प्रत्येक माह दो विशेष अवकाश, चिकित्सा, दुर्घटना एवं जीवन बीमा तथा सेवा समाप्ति के बाद ग्रेच्युटी की व्यवस्था पर सैद्धांतिक सहमति दी। इसके अलावा शेष मांगों पर भी सरकार ने सहानुभूतिपूर्वक विचार करने का आश्वासन दिया। इसके बाद राज्यव्यापी हड़ताल समाप्त करने की घोषणा की गई। 

यह भी पढ़ें: सारण के पूर्व डीपीओ अजीत अमर पर EOU छापा, 4 ठिकानों पर कार्रवाई

इसी निर्णय के क्रम में शुक्रवार को छपरा नगर निगम में भी कर्मचारियों ने हड़ताल समाप्त कर दी, जिससे शहर की सफाई व्यवस्था के पूरी तरह सामान्य होने की उम्मीद है।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ