Advertisement

सारण बना बिहार राज्य जूनियर कबड्डी चैंपियन, डीएम ने विजेता खिलाड़ियों को किया सम्मानित

सारण बना बिहार राज्य जूनियर कबड्डी चैंपियन, डीएम ने खिलाड़ियों को किया सम्मानित

राज्य जूनियर कबड्डी चैंपियन बनी सारण टीम को सम्मानित करते डीएम वैभव श्रीवास्तव

छपरा, 07 अगस्त | बिहार राज्य कबड्डी संघ के तत्वावधान में पाटलिपुत्र स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स में आयोजित 52वीं बिहार राज्य जूनियर बालक कबड्डी चैंपियनशिप का खिताब सारण की टीम ने अपने नाम कर लिया। फाइनल मुकाबले में सारण ने बक्सर को 49-45 अंकों से हराकर शानदार जीत दर्ज की। चैंपियन बनने के बाद छपरा लौटे खिलाड़ियों का सारण के जिलाधिकारी वैभव श्रीवास्तव ने सम्मान किया और उनके उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं।

सेमीफाइनल में पटना को हराकर बनाई थी फाइनल में जगह

52वीं बिहार राज्य जूनियर कबड्डी चैंपियनशिप की विजेता सारण टीम

सारण ने सेमीफाइनल मुकाबले में पटना को 56-37 अंकों से हराकर फाइनल का टिकट हासिल किया था। वहीं दूसरे सेमीफाइनल में बक्सर ने भोजपुर को 61-23 से मात देकर खिताबी मुकाबले में प्रवेश किया। फाइनल में दोनों टीमों के बीच कांटे की टक्कर देखने को मिली, लेकिन निर्णायक क्षणों में सारण के खिलाड़ियों ने बेहतर तालमेल और दमदार प्रदर्शन के दम पर चार अंकों से मुकाबला अपने नाम कर लिया। पटना और भोजपुर की टीम संयुक्त रूप से तीसरे स्थान पर रही।

डीएम बोले- खेल से बनता है अनुशासित और स्वस्थ समाज

छपरा में चैंपियन कबड्डी खिलाड़ियों को संदेश देते जिलाधिकारी वैभव श्रीवास्तव

सम्मान समारोह में जिलाधिकारी वैभव श्रीवास्तव ने खिलाड़ियों को बधाई देते हुए कहा कि बिहार सरकार खेलों के विकास और खिलाड़ियों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए लगातार कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि प्रखंड से लेकर पंचायत स्तर तक खेल मैदानों के विकास पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है, ताकि ग्रामीण क्षेत्रों की प्रतिभाओं को आगे बढ़ने का अवसर मिल सके।

डीएम ने कहा कि खेल केवल शारीरिक रूप से स्वस्थ रहने का माध्यम नहीं है, बल्कि इससे अनुशासन, टीम भावना और आपसी समन्वय की भावना भी विकसित होती है। उन्होंने खिलाड़ियों से पढ़ाई के साथ नियमित रूप से खेलों में भाग लेने और लगातार बेहतर प्रदर्शन करने का आह्वान किया।

खिलाड़ियों को हरसंभव सहयोग का भरोसा

भारतीय कबड्डी महासंघ के राष्ट्रीय कोषाध्यक्ष रामाकांत सोलंकी

जिलाधिकारी ने कहा कि आज खेलों में भी बेहतर करियर की संभावनाएं हैं। जिला प्रशासन सरकार की सभी खेल योजनाओं और सुविधाओं का लाभ खिलाड़ियों तक पहुंचाने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है, ताकि जिले की प्रतिभाएं राज्य और राष्ट्रीय स्तर पर सारण का नाम रोशन कर सकें।

यह भी पढ़ें: छपरा नगर निगम में कर्मचारियों की हड़ताल समाप्त, मेयर ने मिठाई खिलाकर जताई खुशी

इस अवसर पर बिहार राज्य कबड्डी संघ के पदाधिकारियों एवं खेल प्रेमियों ने भी विजेता सारण टीम के खिलाड़ियों को बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। सारण की इस जीत से जिले के खेल प्रेमियों में उत्साह का माहौल है और खिलाड़ियों से भविष्य में भी इसी तरह के उत्कृष्ट प्रदर्शन की उम्मीद जताई जा रही है।



एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ