सारण: चेहल्लुम जुलूसों में डीजे पूरी तरह प्रतिबंधित, भड़काऊ नारेबाजी पर भी रोक; मंदिर, मस्जिद और मिश्रित आबादी वाले क्षेत्रों पर विशेष फोकस
छपरा, 01 अगस्त | सारण जिले में आगामी चेहल्लुम पर्व को शांतिपूर्ण, सौहार्दपूर्ण एवं सुरक्षित माहौल में संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। शनिवार को समाहरणालय सभागार में जिलाधिकारी वैभव श्रीवास्तव की अध्यक्षता में आयोजित उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक में विधि-व्यवस्था, सुरक्षा और प्रशासनिक तैयारियों की विस्तार से समीक्षा की गई। बैठक में वरीय पुलिस अधीक्षक विनीत कुमार समेत सभी अनुमंडल पदाधिकारी, पुलिस पदाधिकारी, बीडीओ, सीओ और थाना प्रभारी मौजूद रहे।
बैठक में जिलाधिकारी ने निर्देश दिया कि संवेदनशील एवं मिश्रित आबादी वाले क्षेत्रों में विशेष सतर्कता बरती जाए तथा पर्याप्त संख्या में दंडाधिकारी और पुलिस बल की तैनाती सुनिश्चित की जाए। सभी अधिकारियों को अपने-अपने क्षेत्रों का भ्रमण कर तैयारियों की समीक्षा करने और किसी भी समस्या का तत्काल समाधान सुनिश्चित करने को कहा गया।
डीएम ने कहा कि सांप्रदायिक सौहार्द बनाए रखना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। इसके लिए सोशल मीडिया पर लगातार निगरानी रखी जाए, अफवाहों पर तत्काल कार्रवाई हो तथा शांति समिति, जनप्रतिनिधियों, सिविल सोसाइटी और जुलूस आयोजकों के साथ नियमित समन्वय बनाए रखा जाए।
25 जुलाई की घटनाओं के मद्देनजर अतिरिक्त सतर्कता
जिलाधिकारी ने गत 25 जुलाई को हुई हिंसक घटनाओं को देखते हुए सभी प्रस्तावित जुलूसों के मार्ग, प्रतिभागियों की संभावित संख्या और आवश्यकता पड़ने पर आधार कार्ड के माध्यम से सत्यापन कराने के निर्देश दिए। साथ ही स्थानीय स्तर पर समन्वय स्थापित कर जुलूस मार्ग का अंतिम सत्यापन सुनिश्चित करने को कहा।
मंदिर, मस्जिद और मिश्रित आबादी वाले क्षेत्रों पर विशेष निगरानी
सावन माह को देखते हुए मंदिरों, मस्जिदों और मिश्रित आबादी वाले क्षेत्रों में सुरक्षा एवं प्रशासनिक तैयारियां मजबूत रखने के निर्देश दिए गए। आवश्यकता पड़ने पर भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता के प्रावधानों के तहत निरोधात्मक कार्रवाई तथा धारा 107, 110 और सीसीए के अंतर्गत कार्रवाई करने को कहा गया।
बिजली, स्वास्थ्य और नागरिक सुविधाओं की रहेगी विशेष व्यवस्था
बैठक में जुलूस मार्गों पर नीचे लटके विद्युत तारों को तत्काल दुरुस्त करने, पूरे मार्ग का भौतिक सत्यापन कराने, एंबुलेंस की उपलब्धता सुनिश्चित करने तथा सभी अस्पतालों और स्वास्थ्य केंद्रों में निर्बाध चिकित्सा सेवाएं उपलब्ध रखने के निर्देश दिए गए। इसके अलावा साफ-सफाई, पेयजल, बिजली आपूर्ति और यातायात प्रबंधन की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा गया।
डीजे पूरी तरह प्रतिबंधित, भड़काऊ नारेबाजी पर भी रोक
वरीय पुलिस अधीक्षक विनीत कुमार ने स्पष्ट किया कि चेहल्लुम जुलूसों में डीजे का प्रयोग पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगा तथा किसी भी प्रकार की भड़काऊ नारेबाजी की अनुमति नहीं होगी। उन्होंने थाना स्तर पर बाउंड डाउन की कार्रवाई सुनिश्चित करने और सांप्रदायिक एवं असामाजिक तत्वों के विरुद्ध सीसीए सहित अन्य कानूनी कार्रवाई करने के निर्देश भी दिए।
यह भी पढ़ें: सारण: डबल डेकर परियोजना की धीमी रफ्तार पर डीएम गंभीर, समय पर काम पूरा करने के निर्देश
बैठक के अंत में जिलाधिकारी ने सभी अधिकारियों को पूरी संवेदनशीलता, सतर्कता और समन्वय के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करने का निर्देश दिया, ताकि चेहल्लुम पर्व जिले में पूर्ण शांति, सौहार्द और सुरक्षित वातावरण में संपन्न हो सके।



0 टिप्पणियाँ