Advertisement

छपरा में पेपरलेस रजिस्ट्री पर डीएम की बड़ी बैठक, 29 अगस्त से प्रशिक्षण

 छपरा पेपरलेस रजिस्ट्री 

छपरा में पेपरलेस रजिस्ट्री पर डीएम की बड़ी बैठक: 29 अगस्त से विशेष प्रशिक्षण, मोबाइल से भी होगा काम

पेपरलेस रजिस्ट्री को लेकर दस्तावेज नवीसों के साथ बैठक करते डीएम वैभव श्रीवास्तव

छपरा, 28 अगस्त 2026 | सारण जिले में प्रॉपर्टी रजिस्ट्री की प्रक्रिया में बड़ा बदलाव होने जा रहा है। पेपरलेस रजिस्ट्री व्यवस्था को लेकर जिला पदाधिकारी वैभव श्रीवास्तव ने दस्तावेज नवीसों और स्टाम्प मुद्रांक विक्रेताओं के साथ गुरूवार 27 अगस्त को महत्वपूर्ण बैठक की। नई तकनीकी व्यवस्था को लेकर उनकी आपत्तियों, आशंकाओं और व्यावहारिक कठिनाइयों पर विस्तार से चर्चा की गई और उनके समाधान का भरोसा दिलाया गया।

प्रक्रिया को सरल और पारदर्शी बनाना उद्देश्य

बैठक के दौरान डीएम वैभव श्रीवास्तव ने दस्तावेज नवीसों एवं स्टाम्प मुद्रांक विक्रेताओं की बातों को गंभीरता से सुना। उन्होंने स्पष्ट किया कि पेपरलेस रजिस्ट्री व्यवस्था लागू करने का उद्देश्य निबंधन प्रक्रिया को अधिक सरल, पारदर्शी, त्वरित और सुविधाजनक बनाना है। नई व्यवस्था में दस्तावेज नवीसों एवं स्टाम्प मुद्रांक विक्रेताओं के हितों की अनदेखी नहीं की जाएगी।

डीएम ने कहा कि तकनीकी और प्रक्रियागत बदलाव के कारण शुरुआती स्तर पर कुछ आशंकाएं स्वाभाविक हैं। संबंधित पक्षों को नई व्यवस्था की कार्यप्रणाली और उनकी भूमिका के संबंध में समुचित जानकारी, प्रशिक्षण और आवश्यक सहयोग उपलब्ध कराया जाएगा।

मोबाइल से भी कर सकेंगे जरूरी काम

पेपरलेस रजिस्ट्री व्यवस्था के तहत दस्तावेज नवीसों एवं स्टाम्प मुद्रांक विक्रेताओं को मोबाइल के माध्यम से भी आवश्यक कार्य करने का प्रशिक्षण दिया जाएगा। डीएम ने निर्देश दिया कि प्रशिक्षण व्यावहारिक और हैंड्स-ऑन हो, ताकि संबंधित लोग नई व्यवस्था को आसानी से समझ सकें और कंप्यूटर पर निर्भरता कम रखते हुए मोबाइल से भी काम कर सकें।

29 अगस्त से शुरू होगा तीन दिवसीय प्रशिक्षण

डीएम की बैठक में उपस्थित दस्तावेज नवीस और स्टाम्प विक्रेता

प्रशिक्षण कार्यक्रम को लेकर डीएम ने जिला अवर निबंधन पदाधिकारी को विशेष निर्देश दिए हैं। जिला मुख्यालय से संबंधित विभिन्न विद्यालयों में विद्यालय अवधि से पूर्व अथवा विद्यालय अवधि के पश्चात लगातार तीन दिनों तक प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा।

यह प्रशिक्षण कार्यक्रम 29 अगस्त 2026 से शुरू होगा। इसके लिए जिला शिक्षा पदाधिकारी से समन्वय स्थापित कर आवश्यक अनुमति एवं व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया है।

दस्तावेज नवीसों के लाइसेंस के लिए विशेष शिविर

डीएम ने दस्तावेज नवीसों के लाइसेंस निर्गत करने से संबंधित लंबित कार्यों के शीघ्र निष्पादन के लिए रजिस्ट्री कार्यालय में तीन दिनों तक विशेष शिविर आयोजित करने का भी निर्देश दिया है। इससे लाइसेंस से संबंधित लंबित कार्यों का जल्द निष्पादन हो सकेगा।

सारण में निबंधन की व्यापक संभावनाएं

दस्तावेज नवीसों और स्टाम्प विक्रेताओं के साथ डीएम की बैठक

बैठक के दौरान जिला पदाधिकारी ने कहा कि सारण जिले में निबंधन के क्षेत्र में पर्याप्त संभावनाएं हैं। जिले में लगभग 16 लाख पुरानी जमाबंदियां हैं और नई जमाबंदियों की संख्या भी महत्वपूर्ण है। ऐसे में भूमि एवं संपत्ति से संबंधित निबंधन के लिए जिले में व्यापक संभावनाएं मौजूद हैं।

उन्होंने कहा कि पेपरलेस रजिस्ट्री के माध्यम से कम समय में अधिक निबंधन संभव हो सकेगा। इससे निबंधन प्रक्रिया में तेजी आएगी और निबंधन की संख्या बढ़ने की संभावना है। इसका लाभ दस्तावेज नवीसों एवं स्टाम्प मुद्रांक विक्रेताओं को भी मिलेगा।

यह भी पढ़ें: 36 घंटे बाद लोक गायक शेखर सुमन की गंडक नदी से बरामद हुई लाश

जिला पदाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया कि दस्तावेज नवीसों एवं स्टाम्प मुद्रांक विक्रेताओं की व्यावहारिक कठिनाइयों को समझते हुए आवश्यक समन्वय, मार्गदर्शन और सहयोग सुनिश्चित करें। उन्होंने सभी संबंधित पक्षों से सहयोगात्मक रवैया अपनाते हुए पेपरलेस रजिस्ट्री व्यवस्था को सफल बनाने में सक्रिय सहभागिता की अपील की।

डीएम ने कहा कि प्रशासन का उद्देश्य नागरिकों को बेहतर, पारदर्शी, त्वरित और सुगम निबंधन सेवा उपलब्ध कराना है। नई व्यवस्था में सभी संबंधित हितधारकों के हितों का ध्यान रखते हुए आवश्यक प्रशिक्षण और सहयोग उपलब्ध कराया जाएगा।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ