Advertisement

36 घंटे बाद लोक गायक शेखर सुमन की गंडक नदी से बरामद हुई लाश

36 घंटे बाद लोक गायक व संगीत शिक्षक शेखर सुमन की गंडक नदी से बरामद हुई लाश

लोक गायक व संगीत शिक्षक शेखर सुमन

छपरा, 28 अगस्त | सारण जिले के भेल्दी थाना क्षेत्र के शोभेपुर गांव निवासी 30 वर्षीय लोक गायक और संगीत शिक्षक शेखर सुमन का शव घटना के करीब 36 घंटे बाद कल 27अगस्त को गंडक नदी से बरामद कर लिया गया। शेखर सुमन नगरा प्रखंड के उच्च माध्यमिक विद्यालय कोरेया में संगीत शिक्षक के पद पर कार्यरत थे।

जानकारी के अनुसार, शेखर सुमन मंगलवार की रात अपनी कार से घर से निकले थे। मकेर थाना क्षेत्र के दारोगा राय सेतु (रेवा पुल) पर उन्होंने अपनी कार खड़ी की थी। इसके बाद उनके गंडक नदी में छलांग लगाने की बात सामने आई। रातभर घर नहीं लौटने और मोबाइल फोन बंद मिलने पर परिजन उनकी तलाश करते हुए रेवा पुल पहुंचे, जहां उनकी कार लावारिस हालत में मिली। इसके बाद मकेर थाने को सूचना दी गई।

बुधवार को एसडीआरएफ की टीम ने गंडक नदी में काफी तलाश की, लेकिन शेखर सुमन का कोई सुराग नहीं मिल सका। गुरुवार दोपहर मुहरिया गांव के समीप स्थानीय लोगों ने नदी में एक शव तैरता हुआ देखा। सूचना मिलने पर परिजन मौके पर पहुंचे और शव की पहचान शेखर सुमन के रूप में की।

पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए छपरा सदर अस्पताल भेज दिया है।

परिजनों के अनुसार, कुछ महीने पहले सड़क दुर्घटना में घायल होने के बाद शेखर सुमन मानसिक तनाव से गुजर रहे थे। शव मिलने के बाद परिवार में कोहराम मच गया। उनकी मां गुंजा देवी का रो-रोकर बुरा हाल है, जबकि भाई अनिल यादव, राजेश यादव और पंकज यादव भी सदमे में हैं।

यह भी पढ़ें: शिक्षक शेखर सुमन लापता, रेवा पुल पर मिली कार; गंडक में तलाश जारी।

शेखर सुमन अपनी गायकी के कारण सारण जिले में खास पहचान बना चुके थे। उनके निधन की खबर से जिले के कलाकारों और संगीत प्रेमियों में शोक की लहर दौड़ गई। भजन गायिका अल्पना मिश्रा, सनातनी चित्राली उपाध्याय, रामेश्वर गोप, प्रदीप सौरभ, गौतम कुमार, गायक आलम राज, नरमुंडा स्वामी, उत्कर्ष कुमार, मुकेश गिरी, सुकेश सवाली, बीरेंद्र बिहारी, नागेंद्र निराला, मिनी तूफान, मुकेश राय, विकास राय, शिवजी राय और राजेंद्र राय समेत कई कलाकारों ने शोक व्यक्त किया और उनके निधन को संगीत जगत के लिए अपूरणीय क्षति बताया।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ