कर्तव्य में लापरवाही पर सारण के तीन थानाध्यक्ष निलंबित, एसपी ने की कार्रवाई
छपरा, 09 अगस्त | सारण पुलिस ने कर्तव्य निर्वहन में लापरवाही और शिथिलता के मामलों में तीन थानाध्यक्षों को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। पुलिस पदाधिकारियों के कार्यों की समीक्षा और प्राप्त प्रतिवेदनों के आधार पर यह कार्रवाई की गई है।
निलंबित किए गए पुलिस पदाधिकारियों में अवतारनगर थानाध्यक्ष पु०नि० संजय बिहारी, तरैया थानाध्यक्ष पु०नि० धीरज कुमार राम और अमनौर थानाध्यक्ष पु०नि० हेमंत कुमार शामिल हैं।
पुलिस के अनुसार, अवतारनगर थाना में कांडों के निष्पादन एवं अनुसंधान में अपेक्षित प्रगति नहीं पाए जाने तथा कर्तव्य के प्रति शिथिलता के कारण संजय बिहारी को निलंबित किया गया है।
वहीं, तरैया थाना क्षेत्र में सरकारी संपत्ति से संबंधित घटना में लापरवाही, अधीनस्थों पर प्रभावी नियंत्रण के अभाव और वरीय पदाधिकारियों के निर्देशों की अवहेलना के कारण धीरज कुमार राम के खिलाफ कार्रवाई की गई।
अमनौर थाना के थानाध्यक्ष हेमंत कुमार को पुलिस उप-महानिरीक्षक, सारण क्षेत्र, छपरा द्वारा कांड की समीक्षा के दौरान अनुसंधान में गंभीर लापरवाही एवं कर्तव्यहीनता पाए जाने तथा स्पष्टीकरण असंतोषप्रद पाए जाने के बाद निलंबित किया गया है।
निलंबित तीनों पुलिस पदाधिकारियों को निलंबन अवधि में मुख्यालय पुलिस केंद्र, सारण निर्धारित किया गया है। उनके विरुद्ध विभागीय कार्रवाई के लिए आवश्यक प्रक्रिया भी शुरू कर दी गई है।
एसपी ने दिया सख्त संदेश
सारण के वरीय पुलिस अधीक्षक ने स्पष्ट किया है कि कर्तव्य निर्वहन में लापरवाही, शिथिलता और अनुशासनहीनता किसी भी स्तर पर स्वीकार्य नहीं है। सभी पुलिस पदाधिकारियों एवं कर्मियों को अपने दायित्वों का पूरी निष्ठा, तत्परता और जवाबदेही के साथ निर्वहन करने का निर्देश दिया गया है। कर्तव्य में लापरवाही पाए जाने पर संबंधित पुलिस पदाधिकारी के विरुद्ध नियमानुसार कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
स्रोत: सारण पुलिस की प्रेस विज्ञप्ति, 9 अगस्त 2026
यह भी पढ़ें: छपरा का माँ काली मंदिर: 200 साल पुरानी मान्यता


0 टिप्पणियाँ