शंभु कमलाकर मिश्र के निधन पर सांसद रूडी समेत जनप्रतिनिधियों ने जताया शोक, सेमरिया घाट पर अंतिम संस्कार
शोक संवेदना | छपरा
राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के वरिष्ठ स्वयंसेवक, साहित्यिक, सामाजिक, सांस्कृतिक एवं शैक्षिक संगठनों के मार्गदर्शक तथा सेवानिवृत्त शिक्षक शंभु कमलाकर मिश्र का 84 वर्ष की आयु में सोमवार की रात करीब 11 बजे निधन हो गया। उनके निधन से सामाजिक, शैक्षिक और सांस्कृतिक क्षेत्र में शोक की लहर है।
शंभु कमलाकर मिश्र की अंतिम यात्रा बुधवार सुबह उनके छपरा मौना बानगंज स्थित निवास से रिविलगंज के सेमरिया घाट के लिए निकली, जहां उनका अंतिम संस्कार किया गया। उनके ज्येष्ठ पुत्र डॉ. विनायक पद्माकर ने मुखाग्नि दी। अंतिम संस्कार के साथ ही वे पंचतत्व में विलीन हो गए।
चार दिन पहले हुआ था पत्नी का देहांत
दुःखद संयोग यह रहा कि शंभु कमलाकर मिश्र की धर्मपत्नी का निधन भी महज चार दिन पहले हुआ था। दोनों की आयु समान थी और उन्होंने 64 वर्ष का वैवाहिक जीवन साथ बिताया। इसके बाद सोमवार की रात करीब 11 बजे शंभु कमलाकर मिश्र का भी निधन हो गया। कम समय के अंतराल में परिवार ने दो अपनों को खो दिया, जिससे परिजनों और शुभचिंतकों के बीच गहरा शोक है।
उनके अंतिम संस्कार में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ एवं संघ परिवार के विभिन्न घटकों विश्व हिंदू परिषद, बजरंग दल, संस्कार भारती, विद्या भारती आदि के स्वयंसेवक एवं पदाधिकारी, शिक्षक संघों तथा विभिन्न सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधियों सहित बड़ी संख्या में गणमान्य लोग शामिल हुए। सभी ने उन्हें अंतिम विदाई देते हुए श्रद्धांजलि अर्पित की।
सांसद राजीव प्रताप रूडी ने जताया शोक
सारण सांसद एवं पूर्व केंद्रीय मंत्री राजीव प्रताप रूडी ने राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ से जुड़े समर्पित भाजपा कार्यकर्ता एवं 84 वर्षीय शंभु कमलाकर मिश्र तथा सारण जिला भाजपा के पूर्व उपाध्यक्ष संजय सिंह के निधन पर गहरा शोक व्यक्त किया है।
शंभु कमलाकर मिश्र के निधन पर शोक व्यक्त करते हुए रूडी ने कहा कि उनके 40 वर्ष के राजनीतिक जीवन में शंभु जी का स्नेह, आशीर्वाद और आत्मीयता सदैव मिलती रही। उनकी मधुर वाणी और आत्मीय संबोधन हमेशा स्मरण रहेंगे। उनका निधन उनके लिए व्यक्तिगत क्षति है।
वहीं, संजय सिंह के निधन पर रूडी ने कहा कि चार दशकों से संजय जी उनके कार्यकर्ता साथी रहे। उनका हंसमुख व्यक्तित्व और आत्मीय व्यवहार सदैव स्मरण रहेगा। उनका आकस्मिक निधन भी उनके लिए व्यक्तिगत क्षति है।
जनप्रतिनिधियों और शिक्षाविदों ने जताया शोक
शंभु कमलाकर मिश्र के निधन पर छपरा विधायक छोटी कुमारी, मेयर लक्ष्मी नारायण गुप्ता, उप महापौर रागिनी देवी, जिला भाजपा अध्यक्ष रंजीत सिंह सहित जिला भाजपा के सभी पदाधिकारियों और शिक्षाविदों ने भी शोक व्यक्त किया।
सारण में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ से जुड़े विभिन्न संगठनों ने भी उनके निधन पर शोक जताते हुए श्रद्धांजलि अर्पित की। लोगों ने उन्हें सामाजिक, शैक्षिक और सांस्कृतिक क्षेत्र में उनके योगदान के लिए याद किया तथा शोकाकुल परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त की।
सोशल मीडिया पर भी श्रद्धांजलि
शंभु कमलाकर मिश्र के निधन की खबर फैलते ही सोशल मीडिया पर भी उन्हें श्रद्धांजलि देने का सिलसिला शुरू हो गया। जो लोग उनके निधन की जानकारी सोशल मीडिया के माध्यम से प्राप्त कर रहे हैं, वे अपनी संवेदनाएं व्यक्त करते हुए दिवंगत आत्मा को श्रद्धांजलि अर्पित कर रहे हैं। लोगों ने उनके स्नेहपूर्ण व्यक्तित्व और सामाजिक, शैक्षिक एवं सांस्कृतिक क्षेत्र में उनके योगदान को याद किया।
यह भी पढ़ें: सीवान में फिर छात्र आक्रोश, एसपी को बर्खास्त करने की मांग
लोगों ने ईश्वर से दिवंगत आत्मा को अपने श्रीचरणों में स्थान देने और शोकाकुल परिवार को इस अपार दुःख को सहने की शक्ति प्रदान करने की प्रार्थना की।


0 टिप्पणियाँ