हादसा | सड़क दुर्घटना
सोनहो टोल प्लाजा के पास भीषण सड़क हादसा, हाइवा की टक्कर से तीन की मौत
टोटो में सवार लोगों को सामने से मारी टक्कर, चालक समेत चार गंभीर; एनएच-722 पर लगा जाम
छपरा, 24 अगस्त | सारण जिले के छपरा-मुजफ्फरपुर एनएच-722 पर भेल्दी थाना क्षेत्र के सोनहो टोल प्लाजा के समीप रविवार को भीषण सड़क हादसा हो गया। मकेर की ओर से छपरा जा रहे एक तेज रफ्तार 18 चक्का हाइवा ने सामने से आ रहे टोटो में जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में टोटो सवार दो लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक किशोरी ने छपरा सदर अस्पताल में इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। टोटो चालक समेत चार लोग गंभीर रूप से घायल हुए हैं।
मृतकों की पहचान अमनौर थाना क्षेत्र के सुल्तानगंज गांव निवासी फारूक मियां और उनकी पतोहू शना खातून के रूप में हुई है। वहीं, हादसे में घायल एक किशोरी की इलाज के दौरान मौत हो गयी।
यह भी पढ़ें: श्रावणी मेला की अंतिम सोमवारी को लेकर प्रशासन अलर्ट, डीएम-एसएसपी ने लिया जायजा
हादसे में तीन वर्षीय अर्श आलम, दिलशाद अंसारी और जुनैद अंसारी समेत टोटो चालक गंभीर रूप से घायल हुए हैं। स्थानीय लोगों ने सभी घायलों को मकेर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया। प्राथमिक उपचार के बाद कुछ घायलों को बेहतर इलाज के लिए छपरा सदर अस्पताल रेफर किया गया।
टक्कर के बाद हाइवा बिजली के पोल से भी जा टकराया। हादसे के बाद हाइवा चालक वाहन को मौके पर छोड़कर फरार हो गया।
घटना की सूचना मिलते ही भेल्दी पुलिस मौके पर पहुंची और सड़क से वाहनों को हटाकर जाम समाप्त कराने का प्रयास किया। हालांकि, आक्रोशित परिजन और स्थानीय लोग सड़क से हटने को तैयार नहीं थे। इसके बाद मकेर थानाध्यक्ष संग्राम सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और लोगों को समझाने का प्रयास किया।
हादसे के कारण एनएच-722 पर दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई। पुलिस ने स्थिति को नियंत्रित करने के साथ ही दुर्घटना की जांच शुरू कर दी है।
अपडेट : भीषण सड़क हादसे में चौथे घायल की भी मौत..




0 टिप्पणियाँ