Advertisement

तरैया में नर्तकी से हथियार के बल पर दुष्कर्म का आरोप

 दुष्कर्म | अपराध 

तरैया में नर्तकी से हथियार के बल पर दुष्कर्म का आरोप, साथी के पहुंचते ही फरार हुआ युवक

सारण में नर्तकी से दुष्कर्म के आरोप की सांकेतिक तस्वीर

सारण के तरैया थाना क्षेत्र में एक ऑर्केस्ट्रा टीम की नर्तकी को सुनसान इलाके में ले जाकर हथियार के बल पर दुष्कर्म किए जाने का मामला सामने आया है। पीड़िता के फर्द बयान के आधार पर पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज करने की कार्रवाई शुरू कर दी है। घटना शनिवार देर रात की बताई जा रही है।

पीड़िता के अनुसार, वह शनिवार को ऑर्केस्ट्रा टीम के साथ मशरक में आयोजित जन्मदिन समारोह में कार्यक्रम प्रस्तुत करने गई थी। कार्यक्रम समाप्त होने के बाद टीम के सदस्य तीन अलग-अलग बाइकों से अमनौर लौट रहे थे। इसी दौरान जिस बाइक पर पीड़िता सवार थी, उसका चालक अन्य साथियों से आगे निकल गया।

आरोप है कि चालक ने मुख्य मार्ग छोड़कर बाइक को सुनसान रास्ते और गलियों की ओर मोड़ दिया। पीड़िता ने रास्ता बदलने का विरोध करते हुए शोर मचाया, लेकिन चालक ने बाइक नहीं रोकी। इस दौरान उसके साथ मारपीट किए जाने का भी आरोप है।

पीड़िता ने पुलिस को बताया कि आरोपी उसे चंवर इलाके में ले गया, जहां पिस्तौल और चाकू का भय दिखाकर उसके साथ दुष्कर्म किया। इसी बीच ऑर्केस्ट्रा टीम का एक सदस्य वहां पहुंच गया। उसे आता देख आरोपी मौके से फरार हो गया।

घटना की सूचना मिलने के बाद तरैया थाना पुलिस अमनौर पहुंची और पीड़िता को प्राथमिक उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले गई। मढ़ौरा एसडीपीओ-2 संजय कुमार सुबांशु ने भी पीड़िता से घटना की जानकारी ली।

यह भी पढ़ें: सोनहो टोल प्लाजा पर भीषण सड़क हादसा, तीन की मौत

पुलिस के अनुसार, पीड़िता का स्वास्थ्य परीक्षण कराया जा रहा है और न्यायालय में उसका बयान दर्ज कराने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। प्राथमिकी के आधार पर पुलिस आरोपी की पहचान और गिरफ्तारी के लिए छानबीन कर रही है।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ