Advertisement

सुप्रीम कोर्ट बार एसोसिएशन चुनाव में प्रदीप राय की जीत, गौरव भाटिया चौथे स्थान पर

 कोर्ट न्यूज़ | SCBA चुनाव 

सुप्रीम कोर्ट बार एसोसिएशन चुनाव में प्रदीप राय की बड़ी जीत, बीजेपी प्रवक्ता गौरव भाटिया चौथे स्थान पर

सुप्रीम कोर्ट बार एसोसिएशन चुनाव में गौरव भाटिया और प्रदीप राय की तस्वीर

नई दिल्ली, 20 अगस्त | सुप्रीम कोर्ट बार एसोसिएशन के अध्यक्ष पद के चुनाव में सीनियर एडवोकेट प्रदीप कुमार राय ने जीत दर्ज की है। 18 अगस्त को हुए चुनाव का परिणाम 19 अगस्त की देर रात घोषित किया गया। प्रदीप राय को 822 वोट मिले। वहीं भाजपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता और सीनियर एडवोकेट गौरव भाटिया 370 वोट के साथ चौथे स्थान पर रहे।

अध्यक्ष पद के चुनाव में अनुपम लाल दास को 451 वोट मिले। आदिश अग्रवाल को 412, गौरव भाटिया को 370, सुकुमार पट्टजोशी को 269, सिद्धार्थ मृदुल को 217 और महालक्ष्मी पावनी को 128 वोट मिले। प्रदीप राय ने अपने निकटतम प्रतिद्वंद्वी अनुपम लाल दास को 371 वोटों के अंतर से हराया।

करीब 82 फीसदी हुआ मतदान

सुप्रीम कोर्ट बार एसोसिएशन के चुनाव में सदस्यों की भागीदारी भी काफी रही। शुरुआती आंकड़ों के मुताबिक करीब 2,794 सदस्यों ने मतदान किया। मतदान प्रतिशत लगभग 82 फीसदी रहा। अध्यक्ष पद के मुकाबले में प्रदीप राय को अन्य सभी उम्मीदवारों की तुलना में स्पष्ट बढ़त मिली।

दूसरी कोशिश में प्रदीप राय को मिली सफलता

सुप्रीम कोर्ट बार एसोसिएशन के नवनिर्वाचित अध्यक्ष प्रदीप कुमार राय की तस्वीर

प्रदीप राय के लिए अध्यक्ष पद का यह चुनाव दूसरी कोशिश में सफलता लेकर आया। उन्होंने 2025 में भी सुप्रीम कोर्ट बार एसोसिएशन के अध्यक्ष पद के लिए चुनाव लड़ा था, लेकिन उस चुनाव में विकास सिंह ने जीत दर्ज की थी। विकास सिंह 2025-26 के कार्यकाल में एसोसिएशन के अध्यक्ष रहे।

SCBA में दो बार उपाध्यक्ष रह चुके हैं प्रदीप राय

अध्यक्ष चुने जाने से पहले प्रदीप कुमार राय सुप्रीम कोर्ट बार एसोसिएशन में उपाध्यक्ष की जिम्मेदारी संभाल चुके हैं। वह 2021 और 2022 में लगातार दो कार्यकाल तक एसोसिएशन के उपाध्यक्ष रहे। SCBA में विभिन्न जिम्मेदारियां संभालने के अनुभव के बाद अब उन्होंने अध्यक्ष पद पर जीत हासिल की है।

नई टीम में इन अधिवक्ताओं को मिली जिम्मेदारी

अध्यक्ष पद के साथ एसोसिएशन के अन्य प्रमुख पदों के लिए भी चुनाव परिणाम घोषित किए गए। सीनियर एडवोकेट राहुल कौशिक को उपाध्यक्ष चुना गया है। एडवोकेट प्रज्ञा बघेल ने सचिव पद पर जीत हासिल की। एडवोकेट अमरेंद्र कुमार सिंह कोषाध्यक्ष और एडवोकेट मीनेश दुबे को संयुक्त सचिव चुने गए हैं। 

नई टीम के सामने वकीलों से जुड़े मुद्दों को प्रभावी तरीके से उठाने और बार-बेंच के बीच बेहतर तालमेल बनाए रखने की जिम्मेदारी होगी।

CJI सूर्यकांत ने नई टीम को दी बधाई

चुनाव परिणाम आने के बाद CJI सूर्यकांत ने सुप्रीम कोर्ट बार एसोसिएशन के नवनिर्वाचित अध्यक्ष प्रदीप राय और नई टीम को बधाई दी। उन्होंने नई कार्यकारिणी के कार्यकाल के लिए शुभकामनाएं दीं। 

प्रदीप राय ने कहा कि नई टीम बार और बेंच के बीच बेहतर तालमेल के लिए काम करेगी और सुप्रीम कोर्ट को आवश्यक सहयोग देती रहेगी। उन्होंने CJI सूर्यकांत के मार्गदर्शन में आगे काम करने और उनसे सलाह लेते रहने की बात कही।

गौरव भाटिया 370 वोट के साथ चौथे स्थान पर

बीजेपी प्रवक्ता और सीनियर एडवोकेट गौरव भाटिया की तस्वीर

सुप्रीम कोर्ट बार एसोसिएशन के अध्यक्ष पद के चुनाव में भाजपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता और सीनियर एडवोकेट गौरव भाटिया को 370 वोट मिले। वह सात उम्मीदवारों के बीच चौथे स्थान पर रहे। अध्यक्ष पद के विजेता प्रदीप राय और गौरव भाटिया के बीच 452 वोटों का अंतर रहा।

यह भी पढ़ें: सदर अस्पताल में बढ़ी प्रसव सुविधाएं, 3 माह में 286 सिजेरियन

प्रदीप राय की जीत के साथ सुप्रीम कोर्ट बार एसोसिएशन को नई कार्यकारिणी मिल गई है। नई टीम से अधिवक्ताओं से जुड़े मुद्दों को प्रमुखता से उठाने और बार-बेंच के बीच समन्वय को और मजबूत करने की उम्मीद है।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ