छपरा हिंसा: 56 गिरफ्तार, 109 संदिग्धों की तस्वीरें जारी; 186 नामजद समेत 2500 अज्ञात पर केस
छपरा, 27 जुलाई | शनिवार 25 जुलाई को थाना चौक और नगरपालिका चौक पर छात्र प्रदर्शन के दौरान हुई हिंसा के मामले में सारण पुलिस ने कार्रवाई तेज कर दी है। पुलिस ने अब तक चार प्राथमिकी दर्ज करते हुए 186 नामजद और करीब 2500 अज्ञात लोगों को आरोपी बनाया है। वहीं, 109 संदिग्ध उपद्रवियों की तस्वीरें भी सार्वजनिक कर आम लोगों से उनकी पहचान बताने की अपील की है।
पुलिस के अनुसार, 25 जुलाई को बिहार बंद के दौरान सुबह से दोपहर 1:00 बजे तक छात्र प्रदर्शन शांतिपूर्ण ढंग से चल रहा था। इसके बाद करीब 1:30 बजे थाना चौक और नगरपालिका चौक के पास कुछ उपद्रवी तत्वों ने पुलिस बल पर पथराव और हमला कर दिया। इस दौरान सरकारी वाहनों समेत सार्वजनिक संपत्तियों को नुकसान पहुंचाया गया। घटना में करीब 20 पुलिसकर्मी और प्रशासनिक अधिकारी घायल हुए।
बता दें कि नीट पेपर लीक मामले को लेकर हुए बिहार बंद के दौरान दोपहर बाद छपरा में छात्र प्रदर्शन हिंसक हो गया था। इस घटना में पुलिस और प्रशासन के कई अधिकारी घायल हुए थे। घायलों में सदर प्रखंड की बीडीओ दृष्टि पाठक, रिविलगंज के बीडीओ रितेश कुमार सिंह, गरखा थानाध्यक्ष राजीव कुमार, अपर थानाध्यक्ष जयंत कुमार सिंह, आदर्श कुमार तिवारी तथा नगर थाना के एसआई प्रदीप कुमार शामिल हैं। सभी घायलों का इलाज सदर अस्पताल, छपरा में कराया गया। गंभीर रूप से घायल बीडीओ दृष्टि पाठक को बेहतर इलाज के लिए पटना रेफर किया गया। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, उनकी एक आंख की रोशनी प्रभावित होने की आशंका जताई जा रही है।
यह भी पढ़े: छपरा में ड्यूटी निभाते हुए घायल हुए बीडीओ, एक आंख की रोशनी जाने की आशंका
पुलिस के अनुसार इस घटना में अब तक 196 लोगों से पूछताछ और सत्यापन किया गया है। उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर 56 आरोपितों को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेजा गया, जबकि पर्याप्त साक्ष्य नहीं मिलने पर 140 लोगों को बंधपत्र पर मुक्त कर दिया गया।
पुलिस ने स्पष्ट किया है कि किसी भी व्यक्ति के विरुद्ध केवल अफवाह, सोशल मीडिया पोस्ट या संदेह के आधार पर कार्रवाई नहीं की जाएगी। कार्रवाई वीडियो फुटेज, डिजिटल साक्ष्यों और अन्य विधिसम्मत प्रमाणों के आधार पर की जा रही है। जिनके खिलाफ पर्याप्त साक्ष्य मिलेंगे, उनके विरुद्ध कानून के अनुसार कार्रवाई की जाएगी।
यह भी पढ़े : छपरा में छात्र आंदोलन के दौरान कई अधिकारी व पुलिसकर्मी घायल
इसी क्रम में सारण पुलिस ने 109 संदिग्ध उपद्रवियों की तस्वीरें 24 पृष्ठों में जारी की हैं। पुलिस ने आम लोगों से अपील की है कि यदि जारी तस्वीरों में किसी व्यक्ति की पहचान होती है, तो संबंधित फोटो के क्रमांक के साथ सूचना दें, ताकि उनके विरुद्ध कानूनी कार्रवाई की जा सके।
यह भी पढ़े: सारण पुलिस ने 109 संदिग्ध उपद्रवियों की तस्वीरें जारी कीं, पहचान बताने की अपील
सारण पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि वे किसी भी भ्रामक या अपुष्ट सूचना पर ध्यान न दें, कानून-व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग करें तथा हिंसा या सरकारी संपत्ति को नुकसान पहुंचाने वालों के बारे में जानकारी मिलने पर पुलिस को सूचित करें। सूचना देने वालों की पहचान गोपनीय रखी जाएगी।


0 टिप्पणियाँ