Advertisement

छपरा में छात्र आंदोलन के दौरान कई अधिकारी व पुलिसकर्मी घायल

छपरा में नीट पेपर लीक के विरोध में छात्र आंदोलन हिंसक, कई अधिकारी व पुलिसकर्मी घायल

छपरा में छात्र आंदोलन के दौरान नगरपालिका चौक पर तोड़- फोड़ करते प्रदर्शनकारी

छपरा, 26 जुलाई | नीट पेपर लीक मामले को लेकर देशभर में चल रहे छात्र आंदोलन की गूंज शनिवार को छपरा में भी सुनाई दी। छात्र संगठनों द्वारा निकाला गया विरोध मार्च दोपहर बाद हिंसक हो गया। प्रदर्शन के दौरान पथराव, आगजनी और वाहनों में तोड़फोड़ की घटनाएं सामने आईं। हालात पर काबू पाने के लिए पुलिस को लाठीचार्ज करना पड़ा तथा आंसू गैस के गोले छोड़ने पड़े। घटना के बाद पूरे शहर में भारी पुलिस बल की तैनाती कर दी गई और प्रमुख चौक-चौराहों को पुलिस छावनी में तब्दील कर दिया गया। फिलहाल स्थिति नियंत्रण में है, जबकि पूरे घटनाक्रम की जांच जारी है।

छपरा में छात्र आंदोलन के दौरान शांतिपूर्ण ढंग से प्रदर्शन करते छात्र

सुबह शांतिपूर्ण रहा प्रदर्शन, दोपहर बाद बिगड़े हालात

शनिवार सुबह शुरू हुआ छात्र प्रदर्शन शुरुआती घंटों तक शांतिपूर्ण ढंग से चलता रहा। हालांकि दोपहर करीब साढ़े बारह बजे के बाद स्थिति अचानक बदल गई। सूत्रों के अनुसार, इसी दौरान कुछ असामाजिक तत्व भी भीड़ में शामिल हो गए, जिसके बाद प्रदर्शन ने हिंसक रूप ले लिया।

छपरा में छात्र आंदोलन के दौरान नगरपालिका चौक पर पुलिस वाहन को तोड़ते प्रदर्शनकारी

नगरपालिका चौक पर पुलिस वाहन को बनाया निशाना

नगरपालिका चौक पर प्रदर्शनकारियों ने पहले पुलिस बैरिकेडिंग को नुकसान पहुंचाया। पुलिस संयम बरतते हुए स्थिति को नियंत्रित करने का प्रयास करती रही। करीब आधे घंटे तक तोड़फोड़ के बाद जैसे ही सारण जिले के तरैया थाना की गश्ती गाड़ी, जो एक बंदी को न्यायालय में पेशी के लिए लेकर जा रही थी, नगरपालिका चौक पहुंची, कुछ प्रदर्शनकारी उग्र हो गए। उन्होंने वाहन पर पथराव किया, उसका शीशा तोड़ दिया और बाद में उसमें आग लगा दी। वाहन में मौजूद पुलिसकर्मी किसी तरह बाहर निकलकर सुरक्षित स्थान पर पहुंचे।

उपद्रवियों को भगाती पुलिस

उपद्रवियों को भगाती/ खदेड़ती पुलिस

उपद्रवियों को भगाती/ खदेरती पुलिस

इसी दौरान पंकज सिनेमा रोड, थाना चौक व अस्पताल चौक के आसपास भी प्रदर्शनकारियों और पुलिस के बीच झड़प हुई, जिसके बाद पुलिस ने लाठीचार्ज किया और आंसू गैस के गोले छोड़कर भीड़ को तितर-बितर किया।

चार वाहन क्षतिग्रस्त, कई अधिकारी और पुलिसकर्मी घायल

हिंसा के दौरान पुलिस के एक वाहन सहित लगभग चार वाहनों को क्षतिग्रस्त कर दिया गया। प्रदर्शनकारियों ने क्षत्रीय समाज के अध्यक्ष कामेश्वर सिंह की गाड़ी को भी नुकसान पहुंचाया।

बिहार बन्द के दौरान घायल बीडीओ दृष्टि पाठक

घटना में सदर प्रखंड की बीडीओ दृष्टि पाठक, रिविलगंज के बीडीओ रितेश कुमार सिंह, गरखा थानाध्यक्ष राजीव कुमार, अपर थानाध्यक्ष जयंत कुमार सिंह, आदर्श कुमार तिवारी तथा नगर थाना के एसआई प्रदीप कुमार घायल हो गए। सभी घायलों का इलाज सदर अस्पताल, छपरा में कराया गया। गंभीर रूप से घायल बीडीओ दृष्टि पाठक को बेहतर इलाज के लिए पटना रेफर किया गया।

बिहार बन्द के दौरान छपरा के नगरपालिका चौक पर उपद्रवियों द्वारा गाड़ी पर हमला

यह भी पढ़े : छपरा में ड्यूटी निभाते हुए घायल हुए बीडीओ, एक आंख की रोशनी जाने की आशंका

सीसीटीवी और ड्रोन फुटेज से होगी पहचान

जिलाधिकारी ने घटना को गंभीर बताते हुए कहा कि उपद्रव में शामिल लोगों की पहचान सीसीटीवी कैमरों, ड्रोन फुटेज और सोशल मीडिया पर उपलब्ध वीडियो के आधार पर की जा रही है। उन्होंने स्पष्ट किया कि कानून अपने हाथ में लेने वाले सभी चिन्हित व्यक्तियों के विरुद्ध सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

मौके पर तैनात जिलाधिकारी व एसएसपी सारण

छपरा में छात्र आन्दोलन के दौरान निगरानी में पुलिस

प्रशासन के अनुसार, शहर में शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती की गई है। अधिकारियों का कहना है कि स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में है और पूरे घटनाक्रम की जांच जारी है।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ