Advertisement

प्रशांत किशोर बोले- CJP के लोग बिहार आएंगे तो स्वागत करेंगे

छात्र आंदोलन पर प्रशांत किशोर का बड़ा बयान, बोले- CJP के लोग बिहार आएंगे तो स्वागत करेंगे

प्रशांत किशोर पटना में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान छात्र आंदोलन और CJP पर बयान देते हुए

पटना, 26 जुलाई | राजधानी पटना में रविवार को आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में जन सुराज के सूत्रधार प्रशांत किशोर ने छात्र आंदोलन और CJP को लेकर बड़ा बयान दिया। उन्होंने कहा कि यदि CJP के लोग बिहार आकर छात्रों से जुड़े मुद्दों पर काम करते हैं, तो जन सुराज उनका स्वागत करेगा। उन्होंने केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे को छात्र आंदोलन के प्रभाव का संकेत बताते हुए कहा कि "यह शुरुआत है, यह रुकने वाला नहीं है।"

नीट पेपर लीक समेत विभिन्न मांगों को लेकर पिछले एक महीने से अधिक समय तक CJP दिल्ली के जंतर-मंतर पर प्रदर्शन कर रही थी। इस दौरान देश के कई हिस्सों में छात्रों ने भी आंदोलन का समर्थन किया और विभिन्न स्थानों पर प्रदर्शन हुए। केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे के बाद CJP ने इसे अपनी मांगों की बड़ी सफलता बताया। इसी बीच संगठन के संस्थापक अभिजीत दीपके ने बिहार आने की भी बात कही थी।

यह भी पढ़े : छपरा में छात्र आंदोलन के दौरान कई अधिकारी व पुलिसकर्मी घायल

इसी संदर्भ में पूछे गए सवाल पर प्रशांत किशोर ने कहा कि जो भी व्यक्ति सरकार के अलोकतांत्रिक व्यवहार और उसकी कार्यप्रणाली को चुनौती देना चाहता है, जन सुराज उसके साथ है। उन्होंने कहा कि यदि CJP के लोग बिहार आते हैं और छात्रों के मुद्दों पर काम करते हैं, तो उनका स्वागत किया जाएगा।

प्रशांत किशोर ने कहा, "सोनम वांगचुक मेरे मित्र हैं। जब उन्हें लद्दाख आंदोलन के दौरान गिरफ्तार कर जोधपुर जेल में रखा गया था, तब उन्होंने भी CJP के मंच से समर्थन दिया था। यह किसी एक पार्टी का आंदोलन नहीं है। पेपर लीक, बेरोजगारी और बदहाल शिक्षा व्यवस्था से परेशान युवा अपने बेहतर भविष्य के लिए सड़कों पर उतरे थे।"

उन्होंने कहा कि "खुद को दुनिया की सबसे बड़ी पार्टी बताने वाली भाजपा की तीन दिन में सारी हेकड़ी निकल गई। धर्मेंद्र प्रधान जी को जाना पड़ा। इससे यह साबित होता है कि इस देश में विपक्षी दल कमजोर हो सकते हैं, लेकिन विपक्ष नहीं। यह तो शुरुआत है, यह रुकने वाला नहीं है।"

यह भी पढ़े : छपरा में ड्यूटी निभाते हुए घायल हुए बीडीओ, एक आंख की रोशनी जाने की आशंका

प्रेस कॉन्फ्रेंस में जन सुराज के प्रदेश अध्यक्ष मनोज भारती, विधानसभा प्रभारी रामबली चंद्रवंशी, पूर्व विधायक किशोर कुमार, सुभाष कुशवाहा, कुमार सौरव, कुमार शांतनु, राकेश पटेल, मसीउद्दीन, संजय ठाकुर सहित अन्य नेता मौजूद रहे।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ