रेल न्यूज़
पेंशनर्स से सीधे संवाद करेंगे रेल अधिकारी, छपरा में उठीं कई अहम मांगें
18 महीने के डीए एरियर के भुगतान और पेंशन कम्यूटेशन की अवधि घटाने की मांग, आठवें वेतन आयोग में पेंशनर्स के हितों का मुद्दा भी उठा
छपरा, 30 अगस्त। पूर्वोत्तर रेलवे पेंशनर्स एसोसिएशन, छपरा शाखा की महत्वपूर्ण बैठक रविवार को भगवान बाजार स्थित पराशर कॉम्प्लेक्स में आयोजित हुई। बैठक में पेंशनभोगियों की विभिन्न समस्याओं और लंबित मांगों पर विस्तार से चर्चा की गई। रेलवे बोर्ड के हालिया निर्देशों और पेंशनर्स के हितों से जुड़े मुद्दों को लेकर सदस्यों ने कई महत्वपूर्ण प्रस्ताव रखे।
बैठक में रेलवे बोर्ड द्वारा मैनुअल पास जारी करने के आदेश का स्वागत करते हुए इसे पेंशनर्स के हित में महत्वपूर्ण उपलब्धि बताया गया। वहीं, रेल अधिकारियों द्वारा पेंशनर्स से सीधे संवाद स्थापित करने के निर्देश पर भी प्रसन्नता जताई गई। सदस्यों ने कहा कि अधिकारियों और पेंशनभोगियों के बीच सीधे संवाद से समस्याओं के त्वरित निस्तारण में मदद मिलेगी।
18 महीने के डीए एरियर के भुगतान की मांग
बैठक में केंद्र सरकार और रेल प्रशासन से कोविड काल के दौरान रोके गए 18 महीने के डीए/डीआर एरियर का शीघ्र भुगतान करने की मांग की गई। पेंशन कम्यूटेशन की अवधि को मौजूदा 15 वर्ष से घटाकर 11 वर्ष किए जाने की मांग भी जोरदार तरीके से उठाई गई।
वक्ताओं ने आठवें वेतन आयोग की रिपोर्ट को पेंशनर्स के हितों को ध्यान में रखते हुए निर्धारित समय सीमा में लागू करने की मांग की। साथ ही आठवें वेतन आयोग की सिफारिशें लागू होने से पहले कर्मचारियों और पेंशनर्स को अंतरिम राहत देने तथा मूल वेतन में 50 प्रतिशत डीए/डीआर मर्ज करने की मांग रखी गई।
उम्र के आधार पर अतिरिक्त पेंशन भत्ते की मांग
पेंशनर्स की आयु के आधार पर अतिरिक्त पेंशन भत्ता देने की मांग भी दोहराई गई। इसके तहत 65 वर्ष की आयु पर 5 प्रतिशत, 70 वर्ष पर 10 प्रतिशत और 75 वर्ष की आयु पूरी होने पर 15 प्रतिशत अतिरिक्त पेंशन भत्ता देने का प्रस्ताव रखा गया।
इसके अलावा जुलाई से बढ़े डीए/डीआर की घोषणा जल्द करने की मांग भी की गई।
संगठन को मजबूत बनाने पर जोर
उप सचिव डॉ. ए.एच. अंसारी ने छपरा शाखा में लगातार बढ़ रही सदस्य संख्या पर खुशी जताई। उन्होंने अधिक से अधिक पेंशनर्स से एसोसिएशन की सदस्यता ग्रहण करने की अपील की। बैठक में नए पेंशनर्स को संगठन की सदस्यता भी दिलाई गई। सदस्यों ने भारत पेंशनर्स समाज के माध्यम से संगठन की एकजुटता मजबूत करने का आह्वान किया।
रेलवे अस्पताल में बेहतर इलाज की मांग
बैठक में रेलवे अस्पताल के माध्यम से रोगग्रस्त पेंशनर्स को उचित इलाज और नियमित दवा की उपलब्धता सुनिश्चित करने की मांग प्रमुखता से उठाई गई। इस दौरान एसोसिएशन की ओर से प्रकाशित रेलवे बोर्ड के मेडिकल सुविधाओं से संबंधित संकलित सर्कुलर की बुकलेट सशुल्क वितरित की गई। सदस्यों को एसोसिएशन का त्रैमासिक बुलेटिन भी उपलब्ध कराया गया।
अगस्त में जन्मे पेंशनर्स को दी बधाई
बैठक में अगस्त माह में जन्म लेने वाले पेंशनर्स सदस्यों को बधाई कार्ड प्रदान कर उनके स्वस्थ और दीर्घायु जीवन की कामना की गई। अध्यक्ष सुभाष चंद्र ने पेंशनर्स को स्वस्थ रहने के लिए जीवनशैली और स्वास्थ्य संबंधी जरूरी सावधानियों की जानकारी दी।
यह भी पढ़ें: प्रसिद्ध कवि-गीतकार और 'बिहार गीत' के रचयिता सत्यनारायण का निधन, साहित्य जगत में शोक
बैठक की अध्यक्षता शाखा अध्यक्ष सुभाष चंद्र ने की, जबकि संचालन शाखा मंत्री मिथिलेश कुमार सिंह ने किया। इस अवसर पर डॉ. ए.एच. अंसारी, सुरेंद्र सिंह, पी.के. मांझी, अरुण कुमार सिंह, रामानंद महतो, सुधीर कुमार श्रीवास्तव, मुद्रिका प्रसाद और राजकुमार श्रीवास्तव सहित कई सदस्यों ने अपने विचार रखे। बैठक में संगठन को और मजबूत बनाने का संकल्प लिया गया।


0 टिप्पणियाँ