शिक्षक शेखर सुमन गंडक नदी में कूदे या किसी और वजह से हुए लापता? रेवा पुल पर मिली कार, तलाश जारी
छपरा, 27 अगस्त | राष्ट्रीय राजमार्ग संख्या-722 पर स्थित रेवा पुल से संगीत शिक्षक शेखर सुमन के अचानक लापता होने के बाद इलाके में सनसनी फैल गई है। मंगलवार की देर रात उनकी कार रेवा पुल पर लावारिस हालत में मिली। इसके बाद आशंका जताई जा रही है कि उन्होंने गंडक नदी में छलांग लगा दी होगी। हालांकि, उनके लापता होने के पीछे कोई दूसरी वजह है या नहीं, इसे लेकर भी कई सवाल उठ रहे हैं।
लापता शिक्षक की पहचान सारण जिले के भेल्दी थाना क्षेत्र के शोभेपुर गांव निवासी उपेंद्र राय के 30 वर्षीय पुत्र शेखर सुमन के रूप में हुई है। वह उच्च माध्यमिक विद्यालय कोरेया में संगीत शिक्षक के पद पर कार्यरत थे।
परिजनों के अनुसार, शेखर सुमन मंगलवार को अपनी कार से किसी परिचित के यहां नेवता करने की बात कहकर घर से निकले थे। देर रात तक घर नहीं लौटने पर परिजनों ने उनके मोबाइल पर फोन किया, लेकिन मोबाइल बंद मिला। इसके बाद परिजन उनकी तलाश में जुट गए।
तलाश के दौरान परिजन जब रेवा पुल पर पहुंचे तो वहां शेखर सुमन की कार खड़ी मिली, लेकिन वह मौके पर मौजूद नहीं थे। कार मिलने और शिक्षक के गायब होने के बाद परिजनों को अनहोनी की आशंका हुई। इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई।
यह भी पढ़ें: नेपाल से पानी छोड़े जाने के बाद सारण में बाढ़ अलर्ट | डीएम-एसएसपी ने तटबंध का किया निरीक्षण
सूचना मिलने पर मकेर थाना पुलिस बुधवार की अहले सुबह स्थानीय लोगों के साथ गंडक नदी में शिक्षक की तलाश में जुट गई। नदी में लगातार खोजबीन की जा रही है। हालांकि, खबर लिखे जाने तक शेखर सुमन का कोई सुराग नहीं मिल सका था।
शिक्षक गंडक नदी में समाए हैं या किसी अन्य कारण से अचानक लापता हुए हैं, इसका पता लगाने में पुलिस जुटी हुई है। वहीं, परिजन उनके सकुशल वापस लौटने की उम्मीद लगाए हुए हैं।

0 टिप्पणियाँ